Saturday, July 25

This slideshow requires JavaScript.

विधायक कल्पना देवी ने विद्यालयों में किया पौधारोपण, गंगाईचा में दो कक्षा कक्षों की घोषणा, ₹6.33 करोड़ की सुरक्षा दीवार का किया निरीक्षण

कोटा। (सद्वार्ता) लाड़पुरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कल्पना देवी ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामों का दौरा कर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम गंगाईचा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में दो नए कक्षा कक्षों के निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने लगभग ₹6 करोड़ 33 लाख की लागत से निर्मित चम्बल नदी सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

This slideshow requires JavaScript.

विधायक ने सबसे पहले ग्राम पंचायत किशनपुरा तकिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यकर्ताओं एवं विद्यालय परिवार के साथ पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं एवं विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात विधायक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रंगपुर पहुँचीं, जहाँ उन्होंने पौधारोपण कर कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा हरित, स्वच्छ और समृद्ध राजस्थान के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है।

इसके बाद विधायक ग्राम गंगाईचा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुँचीं, जहाँ पौधारोपण के साथ उन्होंने विद्यालय में दो नए कक्षा कक्षों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने और प्रत्येक घर तथा गाँव तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुँचाने का आह्वान किया।

दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम गंगाईचा में चम्बल नदी के किनारे लगभग ₹6 करोड़ 33 लाख की लागत से निर्मित सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि यह सुरक्षा दीवार चम्बल नदी के कटाव को रोकने, नदी किनारे बसे क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे भविष्य में संभावित नुकसान की आशंकाओं में कमी आएगी और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार, संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

(SDNA)

Leave a Reply