Friday, May 29

This slideshow requires JavaScript.

आरा तनिष्क लूट कांड का मुख्य आरोपी सूरज तिवारी गिरफ्तार, 11 महीने से थी तलाश

आरा/छपरा: बिहार के बहुचर्चित साढ़े 10 करोड़ रुपये की तनिष्क लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी सूरज तिवारी को सारण जिले (छपरा) से गिरफ्तार किया गया। हाजीपुर के रहने वाले सूरज तिवारी लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और 17 फरवरी 2026 को उसके घर पर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था।

This slideshow requires JavaScript.

भोजपुर पुलिस ने बताया कि अब सूरज तिवारी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि लूटे गए जेवरात और फरार अपराधियों का सुराग मिल सके।

लूट कांड की पृष्ठभूमि

10 मार्च 2025 को आरा के शीश महल चौक स्थित तनिष्क शोरूम में दिनदहाड़े सात हथियारबंद अपराधियों ने करीब 10.5 करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए थे। इस वारदात के बाद अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो अपराधी घायल हुए और जेवरात से भरे दो बैग बरामद किए गए। अब तक इस मामले में कुल 24 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

अभी भी फरार हैं दो अपराधी

पुलिस के मुताबिक, वर्तमान में मुख्य संदिग्ध ‘निक्कू सिंह’ और ‘बाबा’ अब भी फरार हैं। इनकी खोजबीन जारी है और छापेमारी तकनीकी सर्विलांस के आधार पर की जा रही है।

लूट में आधा किलो सोना भी था शामिल

भोजपुर पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूरज तिवारी और पहले जेल जा चुके नीतीश पांडेय के पास लूटे गए जेवरात में करीब आधा-आधा किलो सोना था। नीतीश पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। सूरज की गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि बचे हुए सोने और लूट की साजिश के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

सूरज तिवारी कौन है?

  • हाजीपुर के शक्तिनगर बालदास मठ इलाके का रहने वाला

  • आरा तनिष्क लूट कांड का मुख्य आरोपी

  • 11 महीने से पुलिस की तलाश में था

  • 17 फरवरी 2026 को उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया गया

सूरज तिवारी की गिरफ्तारी से पुलिस को इस हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ी सफलता मिली है। अब उम्मीद की जा रही है कि फरार अपराधियों और लूटे गए जेवरात तक का रास्ता साफ होगा।

Leave a Reply