Friday, May 29

This slideshow requires JavaScript.

चतरा एयर एंबुलेंस हादसा: गलियों में सन्नाटा, हर आंख नम

लातेहार/चतरा, 24 फरवरी 2026: झारखंड के चतरा जिले में हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। सिमरिया प्रखंड के कसरिया पंचायत के समीप हुई इस दुर्घटना में चंदवा निवासी संजय कुमार साव, उनकी पत्नी अर्चना देवी और 17 वर्षीय ध्रुव कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद चंदवा की गलियों में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है।

This slideshow requires JavaScript.

संघर्षों से भरी रही संजय साव की जिंदगी

मूल रूप से चंदवा थाना क्षेत्र के रखात गांव निवासी संजय साव का जीवन संघर्षों से भरा रहा। वर्ष 2004 में नक्सल हिंसा में उनके पिता की हत्या कर दी गई थी। भय और असुरक्षा के माहौल में परिवार ने गांव छोड़ दिया और 2002 में चंदवा में नया घर बनाकर जीवन की नई शुरुआत की।

संजय ने वर्ष 2003 में बकोरिया में किराए पर ढाबा शुरू किया। अपने मिलनसार और सरल स्वभाव के कारण वे क्षेत्र में लोकप्रिय हो गए।

करीब एक सप्ताह पहले उनके ढाबे में आग लग गई थी, जिसमें वे गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोसियों की मदद से उन्हें रांची में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

मासूम बेटों के सिर से उठा मां-बाप का साया

इस हादसे ने संजय के दो बेटों—शुभम (17) और शिवम (13)—को अनाथ कर दिया। वहीं 17 वर्षीय ध्रुव कुमार की मौत ने एक और परिवार की उम्मीदें छीन लीं। ध्रुव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

संजय की वृद्ध मां चिंता देवी बेटे और बहू के असमय निधन की खबर सुनकर बेसुध हैं। उनके आंसू जैसे सूख चुके हैं, शब्द गले में अटक गए हैं।

डॉक्टर विकास गुप्ता का भी निधन

इस दुर्घटना में क्षेत्र के चर्चित चिकित्सक डॉ. विकास कुमार गुप्ता का भी निधन हो गया। उन्होंने गारू और चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। वे केवल डॉक्टर नहीं, बल्कि लोगों के लिए भरोसे और संवेदना का प्रतीक थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दुखों का सिलसिला थमता नहीं

संजय साव पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई विजय साव ढाबा चलाते हैं। एक भाई अरविंद साव की 2022 में असमय मृत्यु हो चुकी है। अजय साव हरियाणा रोडवेज में जूनियर इंजीनियर हैं, जबकि सबसे छोटे भाई सुजीत ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

यह हादसा एक ऐसे परिवार पर टूटा है, जिसने पहले ही कई त्रासदियों का सामना किया है।

यह दुर्घटना केवल एक विमान हादसा नहीं, बल्कि कई घरों की उम्मीदों के बुझ जाने की कहानी है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पूरा क्षेत्र दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है।

Leave a Reply