
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में बुधवार को एलडीए (लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी) की टीम पर हमला होने की घटना सामने आई। पूरनपुर गांव में अवैध निर्माण को ढहाने गई टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे टीम के सदस्य और जेसीबी चालक घायल हो गए।
घटना के दौरान आरोपियों ने टीम के दस्तावेज छीनने की भी कोशिश की। पथराव से सरकारी वाहन और बुलडोजर को भी नुकसान पहुंचा। इस दौरान भगदड़ मच गई और अधिकारी जान बचाकर भागते नजर आए।
एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहनलालगंज के पूरनपुर में नगराम रोड पर राजपाल और अन्य लोगों ने लगभग 2000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक उपयोग के लिए दुकानों का निर्माण कराया था। यह निर्माण एलडीए से नक्शा स्वीकृत कराए बिना किया गया था।
कोर्ट के आदेश के बाद प्रवर्तन टीम-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और पथराव व हाथापाई की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रवर्तन जोन-7 के अधिकारी माधवेश कुमार और जोन-1 के अधिकारी देवांश त्रिवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोबारा अभियान शुरू कराया गया।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। अवर अभियंता विवेक यादव की तहरीर पर मोहनलालगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
