Saturday, February 14

मधुबनी में सेवानिवृत्त प्रिंसिपल के घर हुई एक करोड़ की धड़ाधड़ डकैती

मधुबनी, 14 फरवरी: बिहार के मधुबनी जिले के लदनिया थाना क्षेत्र के गजहरा गांव में सेवानिवृत्त प्रिंसिपल दयाकांत झा के घर डकैती की सनसनीखेज घटना हुई। हथियारबंद और नकाबपोश बदमाशों ने करीब एक घंटे तक परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर लगभग 1 करोड़ रुपये की कीमती संपत्ति लूट ली।

This slideshow requires JavaScript.

सीसीटीवी तोड़े, परिवार को बनाया बंधक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 24 बदमाश घर के पीछे के आंगन की दीवार फांदकर अंदर घुसे। सबसे पहले उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर सुरक्षा व्यवस्था को ठप किया। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और बंदूक की नोक पर उन्हें बंधक बना लिया।

पेंशन और गहनों पर साफ़ हाथ

डकैतों ने पूरे घर को खंगाला और जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने प्रिंसिपल के पेंशन फंड के 25 लाख रुपये भी अपने कब्जे में कर लिए। वारदात के समय कुछ बदमाश स्थानीय ग्रामीणों के नाम भी ले रहे थे।

पुलिस ने डॉग स्क्वायड बुलाकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसपी मधुबनी, योगेंद्र कुमार और डीएसपी जयनगर, राघव दयाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम भी बुलाई गई। प्रारंभिक पूछताछ में स्थानीय निवासी सूर्यनाथ झा को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कुछ बदमाशों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

नेपाल स्थित गिरोह की आशंका

एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि संदिग्ध अपराधी घने कोहरे का फायदा उठाकर नेपाल की सीमा की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस को आशंका है कि यह घटना नेपाल स्थित किसी सक्रिय गिरोह की साजिश हो सकती है। आसपास के घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विशेष जांच दल घटना का पर्दाफाश करने में जुटा है।

Leave a Reply