Friday, June 19

This slideshow requires JavaScript.

नोएडा में बदली स्कूलों की टाइमिंग, सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक चलेंगी कक्षाएं

 

This slideshow requires JavaScript.

नोएडा (गौतमबुद्ध नगर): बढ़ते वायु प्रदूषण और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों की समय-सारणी में बड़ा बदलाव किया है। जिले के सभी स्कूल अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों पर लागू होगा।

 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद गौतमबुद्ध नगर में संचालित परिषदीय, अशासकीय, राजकीय विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, यूपी बोर्ड एवं अन्य बोर्डों से मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में यह नई टाइमिंग 19 जनवरी 2026 से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

 

प्रशासन का कहना है कि घना कोहरा, अत्यधिक ठंड और प्रदूषण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल रहे हैं। सुबह के समय कम दृश्यता और कड़ाके की ठंड के कारण छात्रों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है, जिससे दुर्घटनाओं और बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

 

इस आदेश की प्रतिलिपि जिला अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिला अधिकारी (प्रशासन), नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रधानाचार्यों को भेज दी गई है। साथ ही सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

 

उधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी प्रदूषण और ठंड को देखते हुए हाइब्रिड मोड लागू कर दिया गया है। इसके तहत नवीं से 12वीं तक के छात्र यदि चाहें तो स्कूल आ सकते हैं, अन्यथा उन्हें घर से ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा दी गई है। इससे अभिभावकों और छात्रों को परिस्थितियों के अनुसार विकल्प मिल सकेगा।

 

प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि इससे बच्चों के स्वास्थ्य की बेहतर सुरक्षा हो सकेगी।

Leave a Reply