Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में नई उड़ान भरेगा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

This slideshow requires JavaScript.

जबलपुर, 31 अक्टूबर 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस इस बार केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की नई विकास यात्रा का आरंभ होगा। उन्होंने बताया कि “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के अवसर पर राज्य सरकार डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में तीन नई पहलें शुरू करने जा रही है, जो नागरिकों और निवेशकों दोनों को सशक्त बनाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “MP ई-सेवा पोर्टल” के माध्यम से नागरिकों को एक ही मंच पर सभी सरकारी सेवाएँ सरल, पारदर्शी और त्वरित रूप में उपलब्ध होंगी। वहीं “Invest MP 3.0” पोर्टल निवेशकों के लिए उन्नत सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में कार्य करेगा, जिससे निवेश की प्रक्रिया अधिक सहज और समयबद्ध बनेगी। साथ ही “Wash on Wheels” मोबाइल ऐप युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए शहरी स्वच्छता सेवाओं में तकनीकी नवाचार लाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश की निवेश उपलब्धियों, औद्योगिक प्रगति और रोजगार सृजन के विजन पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में “द टू-ईयर जर्नी” शीर्षक से एक विशेष ऑडियो-विजुअल भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें पिछले दो वर्षों की राज्य की निवेश और विकास यात्रा का जीवंत चित्रण होगा।

“अभ्युदय मध्यप्रदेश” का राज्य स्तरीय समारोह 1 नवम्बर 2025 को भोपाल के रवीन्द्र भवन में सुबह 11:30 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें उज्जैन हवाई अड्डे के विकास अनुबंध, रीवा–नई दिल्ली और रीवा–इंदौर उड़ानों के अनुबंध, तथा पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवाओं की शुरुआत शामिल है। इन पहलों से प्रदेश के औद्योगिक, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में “समृद्ध मध्यप्रदेश @2047” दृष्टि-पत्र का विमोचन किया जाएगा, जो राज्य के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप प्रस्तुत करेगा। यह दस्तावेज़ ऐसे मध्यप्रदेश की परिकल्पना करता है जो नागरिकों की जीवन सुगमता, गुणवत्ता, निवेश अवसरों और सांस्कृतिक संतुलन पर केंद्रित होगा।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू, उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. सुमन के. बेरी, मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप, तथा अदानी ग्रुप के प्रबंध निदेशक श्री प्रणव अदानी सहित अनेक उद्योगपति और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन राज्य की विकास यात्रा और भविष्य की दिशा पर अपने विचार साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत @2047” विजन से प्रेरित होकर “समृद्ध मध्यप्रदेश 2047” के संकल्प को नई गति देने का प्रतीक बनेगा।

Leave a Reply