Wednesday, December 31

रचना समलेटी बनी अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव, दौसा में खुशी का माहौल

 

This slideshow requires JavaScript.

दौसा। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ दिखीं रचना समलेटी को अब राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकली रचना समलेटी को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। इस खबर से उनके गृह जिले दौसा के महवा क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

 

नियुक्ति पर उमड़ा बधाई देने वालों का तांता

जैसे ही रचना समलेटी की नियुक्ति की खबर सामने आई, उनके निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, महिला संगठनों और सामाजिक प्रतिनिधियों का तांता लग गया। लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला जारी है।

 

ग्रामीण परिवेश से राष्ट्रीय मंच तक का सफर

रचना समलेटी वर्तमान में समलेटी ग्राम पंचायत की सरपंच और राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने एमए और बीएड की शिक्षा प्राप्त की है। उनके पति दिनेश कुमार मीणा हैं।

 

संगठन में लंबा अनुभव

रचना समलेटी इससे पहले ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस की संयुक्त राष्ट्रीय समन्वयक और राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव के रूप में कार्य कर चुकी हैं। जमीनी स्तर पर महिलाओं और आदिवासी समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के कारण वे पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरी उतरी हैं।

 

राजनीति की विरासत और परिवार

रचना समलेटी का परिवार लंबे समय से राजनीति से जुड़ा रहा है। उनकी सास राजन्ती मीणा समलेटी ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच और जिला कांग्रेस कमेटी की सदस्य रह चुकी हैं। उनकी मां मेमलता मीणा हिंगवा गांव की पूर्व सरपंच और जिला कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। ससुर रामनारायण मीणा भी जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य रह चुके हैं।

 

भारत जोड़ो यात्रा से मिली पहचान

भारत जोड़ो यात्रा में रचना समलेटी ने राहुल गांधी के साथ लंबी दूरी तय की थी। इसके बाद उन्हें विभिन्न राज्यों में संगठन और चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिन्हें उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया।

 

पहली एसटी महिला को राष्ट्रीय जिम्मेदारी

रचना समलेटी अनुसूचित जनजाति वर्ग की पहली महिला हैं जिन्हें इस स्तर की राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिली है। नियुक्ति पर उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उनके अनुसार यह जिम्मेदारी उन्हें नई ऊर्जा देती है और वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

 

 

Leave a Reply