
तहसीलदार और बीईओ की पहल से कान्हा केवट की फिर शुरू हुई पढ़ाई, कक्षा 9वीं में मिला प्रवेश

शिवपुरी, (अतुल जैन, सद्वार्ता)।

आर्थिक परेशानियों के चलते पढ़ाई छोड़ने को मजबूर एक छात्र के भविष्य को संवारने के लिए शिवपुरी जिला प्रशासन ने मानवीय पहल की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शासकीय एकीकृत हाई स्कूल टीला, करेरा का आकस्मिक निरीक्षण तहसीलदार करेरा ललित शर्मा एवं खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुकेश शर्मा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक समय पर उपस्थित मिले तथा शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के बाहर एक छात्र कान्हा केवट पुत्र रिंकू केवट मिला। तहसीलदार द्वारा बातचीत करने पर छात्र ने बताया कि उसने इसी वर्ष कक्षा 8वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहा है। सीमित आय के कारण परिजन भी उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ थे।
अधिकारियों ने दिखाई संवेदनशीलता, तुरंत कराया प्रवेश
छात्र की समस्या सुनकर तहसीलदार ललित शर्मा और बीईओ मुकेश शर्मा ने तत्काल पहल की। उन्होंने कान्हा और उसके परिजनों से चर्चा कर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में समझाया। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क है तथा विद्यार्थियों को किताबें, यूनिफॉर्म, छात्रवृत्ति सहित कई सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
इसके बाद अधिकारियों ने विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना निगौती से संपर्क कर कान्हा का उसी विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश कराया। प्राचार्य ने छात्र का स्वागत करते हुए शिक्षकों को उस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कान्हा को नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
सरकारी योजनाओं से मिलेगा लाभ
मध्यप्रदेश शासन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, निःशुल्क यूनिफॉर्म, साइकिल वितरण, मध्यान्ह भोजन एवं छात्रवृत्ति योजनाएं प्रमुख हैं। अब इन योजनाओं का लाभ कान्हा को भी मिल सकेगा।
प्रशासन की इस पहल से कान्हा के परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से उनके बच्चे का भविष्य फिर से बेहतर दिशा में आगे बढ़ सकेगा।


