

नई दिल्ली।(सद्वार्ता) कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह महत्वपूर्ण है कि छात्रों की आवाज उठाई जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों का मुद्दा देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्र किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने कहा, “बच्चे एक वास्तविक समस्या को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। वे अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। बार-बार पेपर लीक होने से उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है।”
कांग्रेस नेता ने संसद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है और विरोध की आवाजों को दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और देश में लोकतंत्र कमजोर स्थिति में पहुंच गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा पूरी तरह निराश और हताश हैं। ऐसे समय में युवाओं के साथ खड़ा होना हमारी जिम्मेदारी है और कांग्रेस उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।


