

विदिशा, 21 जुलाई (सद्वार्ता)। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 20 से अधिक आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों को निष्पक्ष, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी प्रकरण, मारपीट, आपसी विवाद तथा अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। जिन मामलों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका तत्काल समाधान कराया गया, जबकि विस्तृत जांच वाले प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक एवं पारदर्शी व्यवहार किया जाए तथा सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है तथा शिकायतों के त्वरित समाधान से नागरिकों का पुलिस पर भरोसा और अधिक सुदृढ़ होता है।
उन्होंने कहा कि विदिशा पुलिस “सुरक्षा, सेवा और विश्वास” के संकल्प के साथ जनहितैषी, जवाबदेह और पारदर्शी पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


