
नीलम हेमंत राजपूत बनीं कांवड़ यात्रा की संयोजक, तैयारियां अंतिम चरण में

विदिशा, 21 जुलाई (सद्वार्ता)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार 3 अगस्त 2026 को सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं।

समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने बताया कि विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद कांवड़ यात्रा प्रातः 9 बजे बड़वाले घाट, बेतवा तट स्थित श्री हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर माधवगंज स्थित शिवालय महादेव (कांच मंदिर) पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन किया जाएगा।
मंगलवार को परिणय गार्डन में आयोजित बैठक में समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी की अनुशंसा और वरिष्ठ पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से नीलम हेमंत राजपूत को कांवड़ यात्रा का संयोजक नियुक्त किया गया। नियुक्ति के बाद उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, आस्था और समर्पण का पावन पर्व है, जो भक्त और भगवान के बीच अटूट विश्वास का प्रतीक होने के साथ समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करती है।
बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वर्षा की संभावना को देखते हुए बड़वाले घाट पर महिलाओं की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाने तथा कांवड़ में सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से जल भरवाने के लिए 5 से 10 सदस्यों की दो से तीन टीमें गठित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा समिति की महिला सदस्य कांवड़ यात्रा से पूर्व शहर के विभिन्न मंदिरों में टोली बनाकर बैठकें आयोजित करेंगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा से जोड़ा जा सके।
समिति के प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म में कांवड़ यात्रा को तीर्थ यात्रा के समान पुण्यदायी माना गया है। भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करने और उनके प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने के उद्देश्य से शिवभक्त हर वर्ष यह पावन यात्रा करते हैं।
बैठक में समिति के संस्थापक अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष बल्लू महाराज, सजीव शर्मा, दीपक सक्सेना सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


