
जमशेदपुर (रवि सिन्हा/रबि झा) – चक्रधरपुर रेल मंडल में लोको पायलटों की कमी के कारण 25 से 27 नवंबर के बीच कुल 32 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। तीन दिनों तक इस फैसले से रोजाना टाटा नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करने वाले स्थानीय यात्रियों को बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
लोको पायलटों की परीक्षा बनी कारण:
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 26 नवंबर को चक्रधरपुर में चीफ लोको इंस्पेक्टर (CSI) की परीक्षा आयोजित होने जा रही है। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में लोको पायलट शामिल होंगे, जिससे उनकी उपलब्धता कम हो जाएगी। इस स्थिति को देखते हुए लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को प्राथमिकता दी गई और लोकल सेवाओं को अस्थायी रूप से रद्द किया गया।
ग्रामीण यात्रियों पर भी प्रभाव:
इस रद्दीकरण का असर उन ग्रामीण यात्रियों पर भी पड़ेगा जो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गांव जाने वाली तीन जोड़ी मेमू ट्रेनों का उपयोग करते हैं। रेलवे ने बताया कि ‘अनिवार्य तकनीकी कारण’ और ‘स्टाफ की कमी’ के चलते ये सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
प्रभावित प्रमुख ट्रेनें:
रेल मंडल की अधिसूचना के अनुसार रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में शामिल हैं:
- राउरकेला–टाटानगर–राउरकेला मेमू
- टाटानगर–बदामपहाड़–टाटानगर मेमू
- टाटानगर–गुआ–टाटानगर मेमू
- टाटानगर–बड़बिल–टाटानगर मेमू
- झाड़ग्राम–पुरुलिया–झाड़ग्राम मेमू
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रद्द ट्रेनों की सूची अवश्य जांच लें और वैकल्पिक परिवहन विकल्पों की योजना बनाएं।