
लखनऊ, 24 फरवरी 2026: ‘बिग बॉस 19’ के कंटेस्टेंट और यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने बहन की फिल्म ‘यादवजी की लव स्टोरी’ के विवाद में अपना नाम घसीटे जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि इस फिल्म से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
उत्तर प्रदेश के संभल, गुन्नौर और आसपास के इलाकों में फिल्म के विरोध ने सोशल मीडिया और सड़कों तक अपने पांव पसारे हैं। यादव समाज के लोगों का आरोप है कि फिल्म का नाम और कहानी उनके समाज की छवि को प्रभावित करती है। इस बीच मृदुल तिवारी के बहन प्रगति तिवारी की फिल्म के विरोध में उन्हें भी निशाना बनाया जा रहा है।
मृदुल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “यादव जी की लव स्टोरी से मेरा रत्ती भर भी लेना-देना नहीं है। न तो मैंने यह फिल्म बनाई है और न ही इसके नाम को बदल सकता हूं। मैंने यह कई बार स्पष्ट किया है, और समझदार लोग इसे समझ चुके हैं। जो लोग बिना जानकारी के आरोप लगा रहे हैं, उन्हें समझाना बेकार है।”
उन्होंने आगे कहा, “किसी भी समाज की भावनाओं को आहत करना मेरा उद्देश्य नहीं है। मैं सभी की भावनाओं का सम्मान करता हूं। अगर किसी को फिल्म के नाम पर आपत्ति है, तो मैं उनके साथ हूं और नाम बदलवाने का समर्थन करता हूं।”
वहीं, फिल्म के निर्माता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित भड़ाना और अन्य कलाकारों के खिलाफ पुलिस में FIR भी दर्ज कराई गई है। प्रदर्शनकारी सिनेमा हॉल संचालकों को चेतावनी दे चुके हैं कि अगर फिल्म उनके इलाकों में दिखाई गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कुछ जगहों पर फिल्म के पोस्टर भी जलाए गए।
मृदुल ने अंत में लोगों से अपील की है कि वे अफवाहें और गलत जानकारी न फैलाएं, ताकि विवाद और न बिगड़े।
