
बीजिंग: सोशल मीडिया की चमक-दमक और डिजिटल दुनिया की बनावट पर सवाल खड़े कर देने वाला मामला चीन से सामने आया है। चीन की एक मशहूर ब्यूटी इंफ्लूएंसर लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान डांस कर रही थीं, तभी तकनीकी खराबी के कारण उनके वीडियो में इस्तेमाल हो रहा ब्यूटी फिल्टर अचानक डीएक्टिवेट हो गया।
फिल्टर हटते ही उनका ब्राइट स्किन और शार्प जॉलाइन वाला लुक गायब हो गया और सामने आया उनका नेचुरल, मैच्योर लुक। इस घटना के बाद उनके लगभग 1,40,000 फॉलोअर्स ने उन्हें अनफॉलो कर दिया।
क्या हुआ लाइव वीडियो में
एक ट्विटर अकाउंट Giggle Guru से शेयर किए गए वीडियो में देखा गया कि लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान ब्यूटी फिल्टर बीच-बीच में हट रहा था। फिल्टर के बिना इंफ्लूएंसर की त्वचा का कलर गहरा और चेहरे के फीचर्स मैच्योर दिखने लगे। फिल्टर के साथ वे ब्राइट और पतली जॉलाइन में नजर आ रही थीं।
फॉलोअर्स की प्रतिक्रिया
वीडियो के बाद दर्शकों ने तेजी से अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ ने इसे ‘धोखा’ और ‘फेक प्रेजेंटेशन’ बताया, जबकि कई ने कहा कि नेचुरल लुक फिल्टर से बेहतर था।
डिजिटल दुनिया की असलियत
इस घटना ने यह साफ कर दिया कि इंटरनेट पर दिखाया जाने वाला चेहरा और असलियत अक्सर अलग होती है। ब्यूटी फिल्टर जैसी तकनीकें लोगों की धारणा को प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन तकनीकी गड़बड़ियों के कारण असलियत अचानक सामने भी आ सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामले डिजिटल ऑथेंटिसिटी और सोशल मीडिया के भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
