
रांची: झारखंड विधानसभा इस वर्ष 22 नवंबर 2025 को अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ यानी रजत जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। समारोह की तैयारियों में सदन परिसर को सजाया गया है और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सोमेश सोरेन ने ली शपथ
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में निर्वाचित विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो के चेंबर में सदस्यता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद सदन परिसर में मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। शपथ ग्रहण समारोह में जेएमएम के वरिष्ठ नेता और विधायक स्टीफन मरांडी भी मौजूद रहे, जिन्हें पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और एकता का प्रतीक माना गया।
उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार और सम्मान समारोह
रजत जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह होगा। इस अवसर पर देश की सीमा पर और नक्सल अभियान में शहीद हुए पुलिसकर्मियों और सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से भाजपा विधायक राज सिन्हा को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, खिलाड़ियों और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले अन्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या में रंगारंग प्रस्तुतियां
शाम 6 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें प्रख्यात गायक रूप कुमार राठौर अपने मधुर गीतों से समां बांधेंगे। इसके साथ ही हास्य कवि दिनेश बावरा और रविंद्र जानी भी अपनी प्रस्तुति देंगे। लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए स्थानीय कलाकार प्रमान्द नन्दा और मृणालिनी अखोरी भी मंच पर नजर आएंगे।
उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल
पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद हुए उपचुनाव में सोमेश सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को 38 हजार से अधिक वोटों से हराकर अपने पिता का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2024 में रामदास सोरेन ने बीजेपी उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 22 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इस बार जीत के अंतर ने जेएमएम उम्मीदवार के लिए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
झारखंड विधानसभा की रजत जयंती समारोह के साथ ही ये उपचुनाव की जीत सदन और क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में दर्ज होगी।