
चेन्नई। तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता धनुष कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। प्रोडक्शन कंपनी थेंनंडल फिल्म्स ने उन्हें 20 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा है और जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया है। नोटिस में दावा किया गया है कि धनुष ने 2016 में साइन किए गए प्रोजेक्ट ‘नान रुद्रन’ को बीच में ही छोड़ दिया था।
फिल्म पूरी न करने का आरोप
थेंनंडल फिल्म्स ने कहा कि धनुष ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन खर्चे और अन्य भुगतान के लिए कंपनी को भरोसा दिलाया था। इसके तहत उन्होंने नागार्जुन और एसजे सूर्या को भी फिल्म में शामिल किया और भुगतान किया। लेकिन धनुष ने फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी नहीं की और अपनी डेट्स अन्य प्रोजेक्ट्स को दे दी, जिससे फिल्म अधूरी रह गई। कंपनी का कहना है कि इस कारण उन्हें 20 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
कानूनी कार्रवाई और नोटिस की डिटेल्स
नोटिस एडवोकेट ए. चिदंबरम की तरफ से जारी किया गया है। इसमें पूछा गया है कि धनुष क्या 2026 के अंत तक यह प्रोजेक्ट पूरा करेंगे या नहीं। यदि नहीं, तो उन्हें प्रोडक्शन हाउस के खर्च किए गए 20 करोड़ रुपये लौटाने होंगे, साथ ही 1 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में अलग से देने होंगे। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर इसका पालन नहीं हुआ तो भविष्य में और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धनुष की पिछली सफलता
धनुष को आखिरी बार आनंद एल राय की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ में कृति सेनन के अपोजिट देखा गया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। 65 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस मूवी ने वर्ल्डवाइड 161.96 करोड़ रुपये, भारत में नेट 116.71 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 138.96 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ। ओवरसीज से भी 23 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
पर्सनल लाइफ
धनुष और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर के बीच डेटिंग की अफवाहें चल रही हैं। सोशल मीडिया पर AI जेनरेटेड शादी की तस्वीरें भी वायरल हुई थीं, लेकिन दोनों ने इस पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। अभिनेता के करीबी सूत्र ने अफवाहों को फर्जी बताया और कहा कि धनुष अपनी निजी जिंदगी में बच्चों की परवरिश और काम में व्यस्त हैं। मृणाल ने कहा,
“मैं सच में प्रार्थना करती हूं और आशा करती हूं कि हर किसी को अपनी लाइफ में प्यार मिले।”
