
मुंबई। भारतीय संगीत जगत के सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के बाद अपना पहला स्वतंत्र भक्ति गीत रिलीज किया है। उन्होंने इसे किसी बड़े प्रमोशन के बिना ही जारी किया, और फैंस के लिए यह एक सरप्राइज बन गया।
भक्ति गीत के रूप में वापसी
अरिजीत ने अपने इस गाने में आध्यात्मिक पक्ष को सामने रखा है। यह गाना शिव भजन है, जिसे उन्होंने 9 फरवरी को यूट्यूब पर ‘ओह शिव मेरे’ के नाम से रिलीज किया। गीतकार कुमार के लिखे इस गीत को संगीत दिया है मंदीप पंघाल ने, जबकि गिटार पर शोमू सील और स्वास्तिक शुभम ने परफॉर्म किया। कोरस में पीयूष रंजन, साक्षी होलकर, सोनम पाठक और मंदीप पंघाल की आवाजें शामिल हैं।
फैंस का भरपूर प्यार
गाना रिलीज होते ही दर्शकों और फैंस ने इसे खूब सराहा। यूट्यूब पर इसे अब तक 1 लाख 76 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर फैंस ने लिखा,
“अरिजीत की आवाज में जो आध्यात्मिकता है, वह दिल को छू जाती है।”
कई लोगों ने आश्चर्य जताया कि बॉलीवुड के सुपरस्टार ने भक्ति गीत गाया, वहीं कुछ ने इसे उनकी नई यात्रा की शुरुआत बताया।
संगीत से संन्यास की घोषणा
27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर अपने संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था,
“इन वर्षों में इतना प्यार देने के लिए आप सभी श्रोताओं का धन्यवाद। अब से मैं प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम नहीं लूंगा। यह पेशा अलविदा कह रहा हूं।”
नई दिशा में कदम
फैंस का मानना है कि अरिजीत का यह कदम भक्ति और इंडिपेंडेंट संगीत की ओर बढ़ने का संकेत है। गाने में उनकी मधुर आवाज़ और भावनाओं की गहराई ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। बॉलीवुड की राजनीति को कारण बताया जा रहा है, लेकिन अरिजीत ने इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया।
‘ओह शिव मेरे’ अरिजीत सिंह के नए संगीत सफर की शुरुआत है और फैंस इसे लगातार सपोर्ट कर रहे हैं।
