
नई दिल्ली, 13 फरवरी 2026: भारत के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। महज 24 गेंद में 61 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। इस पारी में ईशान ने एक ओवर में 28 रन ठोककर रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
एक ओवर में धमाका
पावरप्ले के आखिरी ओवर में नामीबिया के गेंदबाज जेजे स्मिथ की ओर से ओवर डिलीवर हुआ। ईशान किशन ने ओवर की पहली गेंद डॉट रहने के बाद लगातार 4 गेंद पर 4 छक्के जड़े और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ओवर में 28 रन कूटे।
इस धमाकेदार ओवर के साथ ईशान किशन अब भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। रोहित शर्मा ने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क के खिलाफ 28 रन बनाए थे।
इस लिस्ट में टॉप पर युवराज सिंह हैं, जिन्होंने 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ 6 गेंद में 6 छक्के लगाकर 36 रन बनाए थे।
गजब फॉर्म में ईशान किशन
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की टीम अनाउंस होने से पहले ईशान किशन का नाम काफी कम सुना गया था। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें टीम में जगह दिलाई। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उन्होंने 42 गेंद में शतक लगाकर सभी को चौंका दिया था।
अब वर्ल्ड कप में ईशान किशन की यह तूफानी पारी दर्शाती है कि वे टीम इंडिया के लिए सबसे बड़े गेम चेंजर बन सकते हैं।
