
नई दिल्ली, 13 फरवरी 2026: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने दूसरे ग्रुप स्टेज मुकाबले में नामीबिया को 93 रनों से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10 मैच जीतने वाला पहला देश बनकर इतिहास रच दिया।
लगातार 10 जीत का नया रिकॉर्ड
2024 से 2026 तक भारत ने एक भी टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं हारा। इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जिन्होंने लगातार 8-8 मुकाबले जीते थे। अब भारत की यह उपलब्धि इसे टी20 क्रिकेट की सबसे सफल टीमों में शामिल कर देती है।
टी20 वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमें
-
भारत – 10* (2024-2026)
-
साउथ अफ्रीका – 8 (2024)
-
ऑस्ट्रेलिया – 8 (2022-2024)
-
इंग्लैंड – 7 (2010-2012)
-
भारत – 7 (2012-2014)
मुकाबले का संक्षिप्त विवरण
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 61 रन की बेहतरीन पारी खेली, वहीं हार्दिक पंड्या ने 52 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर दिलाया।
जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट लिए, अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट मिला।
भारत की यह जीत न केवल नामीबिया पर भारी रही, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप में उसकी दबदबा कायम करने की क्षमता को भी दर्शाती है। अब टीम की निगाहें 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।
