Wednesday, February 11

समस्तीपुर में छात्र का ‘पकड़ौआ विवाह’, नशीली ड्रिंक पिलाकर कराई जबरन शादी

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक छात्र नीतीश कुमार को नशीली ड्रिंक पिलाकर अगवा कर उसकी जबरन शादी कर दी गई। पीड़ित छात्र जब होश में आया, तो उसने खुद को एक कमरे में बंद पाया और सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उसे बताया गया कि उसकी शादी हो चुकी है।

This slideshow requires JavaScript.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीतीश शनिवार सुबह 10 बजे लाइब्रेरी पढ़ने गया था। पढ़ाई पूरी कर वापस लौटते समय वह अपने दोस्तों राहुल और कुंदन के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने गया। आरोप है कि इसी दौरान दोस्तों ने उसके कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोली मिला दी। नशे की स्थिति में नीतीश को अगवा कर लिया गया और उसकी जबरन शादी की रस्में शुरू कर दी गईं।

शादी के दौरान का वीडियो भी सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि नीतीश पूरी तरह बेहोश था। बार-बार मंडप में गिरते और सिर झुकते छात्र को वहां मौजूद लोग जबरदस्ती शादी की रस्में पूरी करवा रहे थे। उसी बेहोशी की हालत में उससे लड़की की मांग भी भरवाई गई।

शादी के बाद नीतीश को करीब दो दिनों तक एक बंद कमरे में रखा गया। इस दौरान छात्र ने अपनी आपबीती का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा। परिजन वीडियो देखकर पटोरी थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चकराजअली गांव में छापेमारी की और नीतीश को सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों को सौंप दिया।

इस मामले पर डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि युवक का बयान दर्ज कर लिया गया है। ‘पकड़ौआ विवाह’ के आरोपों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल लड़की अपने घर पर सुरक्षित है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply