Sunday, May 24

This slideshow requires JavaScript.

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: कोहरे से बढ़ेगी ठंड, ऊंचाई वाले इलाकों में कल से बर्फबारी के आसार

This slideshow requires JavaScript.

देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और मैदानी इलाकों में कोहरे की चादर अगले कुछ दिनों में आम बात बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 4 और 5 नवंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, आज यानी 3 नवंबर को प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में शीत लहर के प्रभाव से ठिठुरन बढ़ेगी।

पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के ऊंचे इलाकों में अगले दो दिनों के भीतर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर मैदानी जिलों तक महसूस किया जाएगा।

देहरादून में रविवार को खिली धूप से दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी 16.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ रोहित थपलियाल ने बताया कि आने वाले दिनों में पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी से ठिठुरन भरी ठंड का दौर शुरू हो सकता है।

सुबह और शाम के समय ठंड का असर और अधिक बढ़ेगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। हालांकि 6 से 8 नवंबर तक मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लें, वहीं किसानों को भी अपने खेतों और फसलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply