Saturday, February 7

टी20 विश्व कप 2026 की भव्य शुरुआत मुंबई में, वानखेड़े में होगी ओपनिंग सेरेमनी; बादशाह-नोरा समेत ये सितारे लगाएंगे रंग

मुंबई। क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने जा रहे टी20 विश्व कप 2026 का आगाज बेहद शानदार अंदाज में होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए यादगार अनुभव बनने वाली है।

This slideshow requires JavaScript.

भारत और अमेरिका के बीच होने वाले मुकाबले से ठीक पहले वानखेड़े स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम होगा, जिसमें संगीत, डांस और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए माहौल को जश्न में बदल दिया जाएगा।

शाम 6 बजे से शुरू होगी ओपनिंग सेरेमनी

आईसीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मैच शुरू होने से एक घंटे पहले यानी शाम 6 बजे ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत होगी। इस कार्यक्रम में कई बड़े कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

बादशाह और नोरा फतेही लगाएंगे धमाल

ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सितारे रैपर बादशाह अपने हिट गानों से स्टेडियम में जोश भरेंगे। वहीं, ग्लैमर और डांस के लिए मशहूर नोरा फतेही अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं।

ऋषभ रिखीराम शर्मा और सिवामनी भी करेंगे परफॉर्म

इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि केवल बॉलीवुड स्टार्स ही नहीं, बल्कि भारतीय संगीत जगत के चर्चित कलाकार भी इस ओपनिंग सेरेमनी में रंग जमाएंगे।

  • प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा, जो सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए हैं, अपनी अनोखी प्रस्तुति देंगे।

  • वहीं मशहूर परकशनिस्ट सिवामनी भी अपनी ऊर्जा से भरपूर परफॉर्मेंस के जरिए स्टेडियम में रोमांच पैदा करेंगे।

आईसीसी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की है।

शाम 4 बजे खुलेंगे स्टेडियम के गेट

भारत और अमेरिका के मुकाबले के लिए दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए वानखेड़े स्टेडियम के गेट शाम 4 बजे खोल दिए जाएंगे। आईसीसी ने साफ किया है कि केवल मैच टिकट होल्डर ही ओपनिंग सेरेमनी में शामिल हो सकेंगे।

आईसीसी ने फैंस से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, ताकि ओपनिंग सेरेमनी का कोई भी हिस्सा मिस न हो।

जय शाह और रोहित शर्मा भी रहेंगे मौजूद

इस खास आयोजन में आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह भी मौजूद रहेंगे। साथ ही भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

रोहित शर्मा को इस बार टी20 विश्व कप का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। गौरतलब है कि रोहित की कप्तानी में ही भारत ने पिछला टी20 विश्व कप जीता था, जिसके चलते उनके फैंस में भी खास उत्साह है।

वानखेड़े में क्रिकेट के साथ मनोरंजन का महाकुंभ

टी20 विश्व कप 2026 की यह ओपनिंग सेरेमनी न सिर्फ टूर्नामेंट की शुरुआत को भव्य बनाएगी, बल्कि वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को क्रिकेट से पहले ही संगीत और उत्साह का फुल डोज देगी।

अब देखना होगा कि इस रंगारंग शुरुआत के बाद मैदान पर भारत और अमेरिका के बीच मुकाबला कितना रोमांचक होता है।

Leave a Reply