Thursday, May 21

This slideshow requires JavaScript.

इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती पर झारखंड की महिला के गंभीर आरोप, बोली— “कैद और डर में गुजरा एक साल”

मेरठ: सोशल मीडिया रील से चर्चित मेरठ के इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। झारखंड की एक महिला ने उन पर बंधक बनाकर रखने, शारीरिक शोषण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि काम दिलाने के नाम पर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी गई।

This slideshow requires JavaScript.

पीड़िता चांदनी उर्फ तबस्सुम के मुताबिक वह वर्ष 2017 में झारखंड से मेरठ आई थी और मुजफ्फरनगर निवासी युवक से प्रेम विवाह के बाद इंचौली क्षेत्र में रह रही थी। पति के बाहर रहने के दौरान वह सोशल मीडिया पर रील बनाकर अतिरिक्त कमाई करने लगी। इसी सिलसिले में फरवरी 2025 में उसकी पहचान शादाब जकाती से हुई।

“विश्वास जीतकर बुलाया, फिर बदले हालात”

महिला का आरोप है कि शुरुआत में शादाब ने उसे अपनी रील में काम दिलाने का भरोसा दिया। धीरे-धीरे वह उसे अपने घर बुलाने लगा। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद उसे कथित तौर पर एक साल तक बंधक बनाकर रखा गया और घर के सभी काम कराए गए। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शादाब की पत्नी ने भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। 15 जनवरी को कथित तौर पर उसके साथ गंभीर मारपीट की घटना हुई, जिसके बाद वह मानसिक रूप से टूट गई थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

इंचौली थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

“मैं अकेली पीड़िता नहीं”

पीड़िता का दावा है कि वह अकेली शिकार नहीं है, बल्कि कई महिलाओं को कंटेंट के नाम पर जाल में फंसाया गया। डर और बदनामी के कारण अन्य महिलाएं सामने नहीं आ पा रही हैं। पति के सहयोग से अब उसने कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।

इससे पहले भी शादाब जकाती से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं, जिनमें पारिवारिक और पेशेवर संबंधों को लेकर आरोप लगाए गए थे। हालांकि इन मामलों में जांच जारी है।

Leave a Reply