
गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। ऑनलाइन मोबाइल गेम की लत में तीन नाबालिग बहनों ने सोसायटी की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रत्यक्षदर्शी अरुण कुमार, जो घटनास्थल के सामने वाले फ्लैट में रहते हैं, ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह रात करीब दो बजे अपनी बालकनी में थे। उन्होंने देखा कि सामने की बालकनी में हलचल थी। पहले उन्हें लगा कि कोई शराब के नशे में है, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि वहां तीन बच्चियां रेलिंग पर चल रही थीं।
अरुण ने बताया, “मैं जब तक कुछ समझ पाता या किसी को कुछ बता पाता, तीनों ने एक साथ नीचे छलांग लगा दी। दो बहनें तीसरी को अपनी तरफ खींच रही थीं। तीसरी बहन ने अपनी छोटी बहन को पीठ पर बैठाया और सभी तीनों बहनें नौवीं मंजिल से कूद गईं। यह दृश्य जीवन भर मेरी आंखों से नहीं जाएगा।”
दूसरे प्रत्यक्षदर्शी अपर्णा ने भी घटना देखी। उन्होंने बताया, “ऐसा लगा जैसे सामने वाली बालकनी में कोई नशे में है। हमने मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन बच्चियां हमारी आवाज़ नहीं सुन पाईं। तीनों खून से लथपथ थीं। यह मंजर रूह कंपा देने वाला था।”
एसीपी केशव चौधरी ने बताया कि यह तीनों बहनें कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं और मोबाइल फोन की आदत के आदी थीं। उन्होंने कहा, “कोरियन गेम की लत और इस घटना के बीच कोई पक्का लिंक नहीं है। परिवार ने उन्हें मोबाइल देना बंद कर दिया था। शायद इसी कारण उन्होंने यह एक्सट्रीम कदम उठाया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”
घटना के बाद पुलिस और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।