Thursday, June 18

This slideshow requires JavaScript.

खंडवा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश, कांग्रेस नेता इमरान परियानी गिरफ्तार

खंडवा। मध्य प्रदेश की खंडवा पुलिस ने घनी आबादी वाली कॉलोनी में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता इमरान परियानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने दो दिनों की रिमांड मंजूर की। परियानी पिछले पांच दिनों से मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र सीमा के डेढ़ तलाई इलाके में छिपा हुआ था। इस मामले में अब तक परियानी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

This slideshow requires JavaScript.

टीआई प्रवीण आर्य के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने 26 जनवरी की रात पड़ेला हनुमान रोड स्थित वीरान पड़े सम्यक गोल्ड कॉलोनी में छापेमारी कर अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से लगभग 20 टन सुतली बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की। यह पूरा कारोबार कॉलोनी के क्लब हाउस के भीतर संचालित किया जा रहा था, जहां आमतौर पर सामुदायिक गतिविधियां होती हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस अवैध कारोबार के मुख्य संचालक इमरान परियानी और उनके साथी जितेंद्र भाटी थे। जितेंद्र भाटी पेशे से अगरबत्ती कारोबारी हैं और परियानी के पार्टनर के रूप में इस अवैध व्यापार में शामिल थे। वहीं बैतूल निवासी नवीन यादव सुपरवाइजर के रूप में मजदूरों से सुतली बम बनवाने और उनकी सप्लाई का काम संभालते थे।

तैयार पटाखों का परिवहन खानशाहवली निवासी अरबाज खान अपनी पिकअप वाहन से करता था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पूछताछ में अरबाज ने बताया कि फैक्ट्री का संचालन इमरान परियानी और जितेंद्र भाटी के इशारे पर होता था।

मुख्य आरोपी परियानी पुलिस कार्रवाई के बाद से फरार था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर उसे मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र सीमा पर स्थित डेढ़ तलाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की पड़ताल के लिए जितेंद्र भाटी की तलाश कर रही है।

Leave a Reply