Tuesday, July 14

This slideshow requires JavaScript.

डोडा हादसे में हरियाणा का जवान मोहित शहीद, एक साल पहले ही रची थी शादी किसान परिवार का इकलौता बेटा देश पर हुआ कुर्बान

 

This slideshow requires JavaScript.

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में हरियाणा के झज्जर जिले का लाल, सेना का जवान मोहित (25) देश सेवा करते हुए शहीद हो गया। सेना की गाड़ी के लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिरने से हुए इस हादसे में कुल 10 जवानों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

शहादत की सूचना गुरुवार देर शाम जैसे ही मोहित के पैतृक गांव गिजाड़ोध पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम और हर दिल भारी हो गया।

 

पांच साल पहले सेना में हुए थे भर्ती

 

परिजनों के अनुसार, मोहित करीब पांच साल पहले भारतीय सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वे बेहद अनुशासित, मेहनती और देशभक्ति से ओत-प्रोत जवान थे। गांव में आज भी लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और जिम्मेदार युवक के रूप में याद कर रहे हैं।

 

एक साल पहले ही बनी थी नई गृहस्थी

 

मोहित की शादी नवंबर 2024 में हुई थी। नई-नई गृहस्थी बसाए इस वीर जवान ने नवंबर 2025 में अपनी शादी की सालगिरह पर 10–15 दिन की छुट्टी लेकर घर आकर परिवार के साथ समय बिताया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी परिवार के साथ आखिरी मुलाकात होगी। फिलहाल मोहित की कोई संतान नहीं है।

 

किसान पिता, मेहनतकश परिवार

 

मोहित के पिता गांव में खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार पूरी तरह साधारण और मेहनतकश है। मोहित का एक भाई वाहन चलाकर रोज़ी-रोटी कमाता है। बेटे की शहादत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन साथ ही बेटे की वीरगति पर उन्हें गर्व भी है।

 

पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

 

सेना के अनुसार, शहीद मोहित का पार्थिव शरीर आज दोपहर करीब 2 बजे गांव लाया जाएगा। पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जिला प्रशासन और सेना के अधिकारी शहीद को अंतिम सलामी देंगे।

 

गांव, जिला और पूरा हरियाणा अपने इस वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देगा।

देश को मोहित जैसे जांबाजों पर गर्व है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मातृभूमि की रक्षा की।

 

Leave a Reply