
जबलपुर (हरदुली/कुंडम): मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में हरदुली आदिवासी छात्रावास में दूषित भोजन खाने से एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस मामले का खुलासा रीजनल फॉरेंसिक लैब (आरएफएसएल) की जांच रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस ने छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा नवमी के छात्र राजकुमार धुर्वे समेत लगभग एक दर्जन छात्र 18 अगस्त को छात्रावास में भोजन करने के बाद बीमार पड़ गए। शुरुआती उपचार समीप के गांव में रहने वाले कथित डॉक्टर से करवाया गया, फिर छात्र अपने घर भेज दिए गए।
राजकुमार की तबीयत घर पहुंचते ही गंभीर हो गई। परिजन उसे कुंडम अस्पताल ले गए, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस ने मृतक छात्र का बिसरा फॉरेंसिक जांच के लिए जबलपुर भेजा। आरएफएसएल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि छात्र की मौत दूषित भोजन खाने के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने छात्रावास अधीक्षक गजेन्द्र झारिया के खिलाफ धारा 125 व 105 के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।
ग्रामीण और छात्रों के परिजन इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं और दोषी को कठोर सजा देने की मांग कर रहे हैं।
