Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

लखनऊ के होटल में ठहरे सीनियर मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मीटिंग में लेने आए थे भाग

 

This slideshow requires JavaScript.

 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित होटल हयात में ठहरे एक फाइनेंस कंपनी के सीनियर मैनेजर की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड ईस्ट निवासी मो. फहिम्मुद्दीन जाहिद (45) के रूप में हुई है। वह बजाज फाइनेंस कंपनी में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और कंपनी की एक महत्वपूर्ण मीटिंग में शामिल होने के लिए लखनऊ आए थे।

 

जानकारी के अनुसार, फहिम्मुद्दीन 14 जनवरी को होटल हयात में रुके थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें कंपनी की मीटिंग में जाना था, लेकिन जब वह समय पर नहीं पहुंचे तो सहकर्मियों ने उन्हें कई बार फोन किया। कॉल रिसीव न होने पर सहकर्मी होटल पहुंचे और स्टाफ की मदद से उनके कमरे तक पहुंचे।

 

कमरे की घंटी बजाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रशासन ने मास्टर डिजिटल ‘की’ की सहायता से कमरा खोला। अंदर फहिम्मुद्दीन बेड पर औंधे मुंह पड़े मिले, उस समय उनकी सांसें चल रही थीं। तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई और उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभूतिखंड थाना प्रभारी अरम सिंह के अनुसार, कमरे से शराब की एक बोतल और सिगरेट के कई बट बरामद किए गए हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब और धूम्रपान के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी हो सकती है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

 

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। शुरुआत में फहिम्मुद्दीन की पत्नी पोस्टमॉर्टम कराने को लेकर सहमत नहीं थीं और शव को मुंबई भेजने की बात कही थी, लेकिन पुलिस द्वारा समझाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पत्नी मुंबई से और अन्य परिजन कर्नाटक से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

 

Leave a Reply