
1 लाख प्रतिभागियों को मिलेगा डिजिटल सम्मान, सभी प्रतिभागियों का नाम ‘नवकार वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में होगा दर्ज

SDNA | विशेष समाचार

भोपाल, 26 जुलाई 2026। (सद्वार्ता) 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में निव्रह फाउंडेशन ने देशव्यापी चित्रकला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान तथा भारत की आज़ादी के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
फाउंडेशन ने देशवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। प्रतियोगिता में उम्र की कोई सीमा नहीं रखी गई है। इसमें डिजिटल फोटोग्राफी, हस्तनिर्मित पेंटिंग, स्केच, ड्राइंग, वॉटर कलर, ऑयल पेंटिंग, पोस्टर आर्ट सहित विभिन्न कला विधाओं की प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी।
प्रतियोगिता 26 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार डिजिटल श्रेणी में 1 लाख प्रतिभागियों को डिजिटल सम्मान-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का नाम ‘नवकार वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भेजी जाने वाली प्रत्येक प्रविष्टि का मुख्य विषय “भारत की आज़ादी” पर आधारित होना अनिवार्य होगा। प्रतिभागियों को अपनी कलाकृति अथवा फोटोग्राफ के साथ अपना पूरा परिचय स्पष्ट एवं साफ-सुथरे अक्षरों में लिखकर ईमेल के माध्यम से भेजना होगा।
निव्रह फाउंडेशन ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक कला आयोजन नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के अमर बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक राष्ट्रीय अभियान है। संस्था ने विद्यार्थियों, कलाकारों, फोटोग्राफरों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों तथा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं प्रविष्टियां निर्धारित ईमेल पते पर स्वीकार की जाएंगी। फाउंडेशन ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और सृजनात्मक अभिव्यक्ति का एक ऐतिहासिक अभियान सिद्ध होगा।


