Saturday, July 25

This slideshow requires JavaScript.

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: इंदौर में 640 लीटर संदिग्ध घी जब्त, 21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

बाहरी राज्यों से आए घी पर सख्ती, एक्सपायर्ड प्रीमिक्स मौके पर कराया नष्ट

This slideshow requires JavaScript.

इंदौर, 25 जुलाई। (सद्वार्ता)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बाहरी राज्यों से इंदौर लाए गए लगभग 640 लीटर संदिग्ध घी को जब्त कर लिया। जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई गई है। इसके अलावा विभिन्न प्रतिष्ठानों से 21 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए, जबकि एक प्रतिष्ठान पर मिले एक्सपायर्ड प्रीमिक्स को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में संचालित की गई। अभियान के दौरान Risk Based Inspection System (RBIS) के तहत उच्च जोखिम वाले खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

गुजरात से आए घी की गुणवत्ता पर उठे सवाल

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित मेसर्स कृष इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गुजरात के सूरत जिले से लाए गए ‘वास्तु’ ब्रांड के विभिन्न पैकिंग आकारों में बड़ी मात्रा में घी का भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने अलग-अलग पैकिंग से 10 नमूने जांच के लिए लिए।

निरीक्षण के दौरान घी की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगभग 640 लीटर घी को विश्लेषण रिपोर्ट आने तक नियमानुसार जब्त कर लिया गया। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘येवले चाय’ आउटलेट पर एक्सपायर्ड प्रीमिक्स मिला

नवलखा स्थित ‘द मैजिक टी (येवले चाय)’ आउटलेट के निरीक्षण में ‘येवले विदाउट शुगर प्रीमिक्स’ एक्सपायरी अवधि समाप्त होने के बावजूद उपयोग के लिए रखा मिला। खाद्य सुरक्षा दल ने पंचनामा तैयार कर उक्त प्रीमिक्स को मौके पर ही नष्ट कराया। यहां से जिंजर टी, विदाउट शुगर प्रीमिक्स तथा आम पन्ना के 3 नमूने जांच के लिए लिए गए।

अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए गए नमूने

अभियान के दौरान जावरा कंपाउंड स्थित FA Gift Pvt. Ltd. से मफिन वेनिला, चोको चिप्स और वेनिला प्रीमिक्स के 3 नमूने, नैनोद स्थित साईं कृपा दूध डेयरी से मिश्रित दूध, पनीर एवं घी के 3 नमूने, जबकि ग्राम बांक स्थित आशिक डेयरी फार्म से मिश्रित दूध एवं दही के 2 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों का भंडारण निर्धारित तापमान पर करें, एक्सपायरी अवधि समाप्त होने के बाद किसी भी खाद्य सामग्री का उपयोग या विक्रय न करें, ट्रेसबिलिटी संबंधी रिकॉर्ड संधारित रखें, परिसर में स्वच्छता बनाए रखें तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के सभी प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply