यूपी भाजपा संगठन की कमान पूर्वांचल के हाथों में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पूर्वांचल का कद बढ़ता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को सौंपकर साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले चुनावी दौर में पार्टी का फोकस अब पूर्वांचल पर रहेगा। संगठन की यह नई सियासी चाल न सिर्फ 2026 के पंचायत चुनाव, बल्कि 2027 के विधानसभा और आगे 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखी जा रही है।
पश्चिम से पूर्वांचल की ओर शिफ्ट हुआ फोकस
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के बाद भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन के बाद उपजी नाराजगी को साधने के लिए भूपेंद्र सिंह चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। जाट राजनीति और किसान मुद्दों को संतुलित करने की यह कोशिश 2024 के लोकसभा चुनाव में अपेक्षित नतीजे नहीं दे सकी। उलटे, भाजपा को सबसे बड़ा झटका पूर्वांचल से लगा। वहीं, पश्चिमी यूपी में राष्ट...










