Tuesday, August 11

This slideshow requires JavaScript.

बुंदेलखंड में फसल बीमा घोटाला: केंद्रीय मंत्री शिवराज ने जांच के दिए आदेश

हमीरपुर/महोबा: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बड़े पैमाने पर घोटाले का मामला सामने आया है। सरकारी जमीनों पर फर्जी बीमा पॉलिसी बनाकर करोड़ों रुपये हड़प लिए गए। क्षेत्रीय सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की शिकायत पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।

This slideshow requires JavaScript.

सांसद लोधी ने सितंबर में केंद्रीय कृषि मंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की गहन जांच की मांग की थी। इस पर शिवराज सिंह चौहान ने महोबा और हमीरपुर जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार कर कृषि सांख्यिकी और फसल बीमा विभाग को उपलब्ध कराएँ।

घोटाले का तरीका:
जांच में पता चला है कि जालसाजों ने वन भूमि, तालाब, नदी-नालों और अन्य सरकारी जमीनों पर फर्जी पॉलिसी बनाकर 40 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला किया। नटवरलालों ने बीमा कंपनी इफको टोकियो के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर यह जालसाजी की। चकबंदी प्रक्रिया में शामिल गांवों का ऑनलाइन डेटा न होने का फायदा उठाकर उन्होंने अभिलेख तैयार किए और स्वयं को भू-स्वामी और बटाईदार बताकर फर्जी बीमा कराया।

बीमा कंपनी के 26 कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें से 16 गिरफ्तार हो चुके हैं। अभी भी कई आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

किसानों का विरोध:
जय जवान जय किसान एसोसिएशन पिछले 102 दिनों से तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहा है। संगठन के अध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत ने कहा, “किसानों के साथ हुई यह धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीबीआई से जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आएगी।”

सांसद लोधी ने कहा कि उनका संघर्ष किसानों की भलाई के लिए अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि गहन जांच के बाद कई और नाम सामने आएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply