तुलसी नगर के विकास कार्यों को मिलेगी गति, महापौर से मिले रहवासी; पेयजल, ड्रैनेज और सड़क निर्माण पर मिला आश्वासन
कार्यों में देरी हुई तो होगा बड़ा जनआंदोलन : रहवासी
इंदौर। शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल तुलसी नगर के विकास कार्यों और वर्षों से लंबित आधारभूत सुविधाओं को लेकर रहवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
रहवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल एवं नर्मदा जल आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था, जर्जर हो चुकी ड्रैनेज प्रणाली के पुनर्निर्माण, शेष भूखंडों के नियमितीकरण, गौ उद्यान निर्माण तथा विकास शुल्क की राशि के पारदर्शी और जनहितकारी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रहवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। ...










