बदायूं में मेंथा फैक्ट्री हादसा: तीन सुरक्षा गार्डों की मौत, दम घुटने की आशंका
बदायूं: उत्तर प्रदेश के उझानी थाना क्षेत्र में स्थित एक मेंथा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह तीन सुरक्षा गार्डों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों की पहचान जुगेंद्र यादव (30), भानु यादव (26) और विवेक यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों सुरक्षा गार्ड बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे थे। काफी देर तक बाहर न आने पर अन्य कर्मचारियों ने दरवाजा खोला, तब उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए और केबिन में हीटर चल रहा था। ...










