पर्यावरण पर पीएम मोदी की कथनी–करनी में टकराव, अरावली को लेकर कांग्रेस का तीखा हमला
कांग्रेस ने अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया है। पार्टी का आरोप है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री की वैश्विक मंचों पर की गई घोषणाओं और देश के भीतर अपनाई जा रही नीतियों के बीच गहरा विरोधाभास है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने अरावली की प्रस्तावित नई परिभाषा को “खतरनाक और विनाशकारी” बताते हुए कहा कि इससे देश की एक अत्यंत संवेदनशील पारिस्थितिकी प्रणाली को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि मोदी सरकार द्वारा अरावली पर्वतमाला की पुनर्परिभाषा विशेषज्ञों की राय के विपरीत है। उन्होंने भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि अरावली की 20 मीटर से अधिक ऊंची पहाड़ियों में से केवल 8.7 प्रतिशत हिस्सा ही 100 मीटर से अधि...










