छठ पर्व नजदीक, तिगरिया बादशाह तालाब पर स्थायी घाट का सपना अब भी अधूरा
मुख्यमंत्री की घोषणा और आईडीए के बजट में राशि के प्रावधान के बाद भी निर्माण की तस्वीर साफ नहीं; इस बार भी श्रद्धालुओं को अस्थायी इंतजामों के भरोसे रहना पड़ सकता है
इंदौर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में अब महज 11 दिन शेष हैं, लेकिन इंदौर में स्थायी छठ घाट बनाने की योजना अब तक धरातल पर आकार नहीं ले सकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा और इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के बजट में तिगरिया बादशाह तालाब पर घाट निर्माण का प्रावधान होने के बावजूद परियोजना की मौजूदा स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में आशंका है कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए अस्थायी व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ेगा।
इस मुद्दे को लेकर पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश ने एक बार फिर मुख्यमंत्री को स्मरण-पत्र भेजा है। संस्थान ने निर्माण कार्य की प्रगति स्पष्ट करने और परियोजना को ...










