

उज्जैन। (सद्वार्ता) पर्यावरण संरक्षण और धर्म की भावना को एक साथ जोड़ते हुए श्री मनोहर इन्दु महिला मंडल ने सूरज नगर स्थित श्री जीरावाला पार्श्वनाथ मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ श्री पार्श्वनाथ पंच कल्याणक पूजा का आयोजन किया।

पूजन के दौरान मंडल की सभी सदस्यों ने “एक पेड़ मेरे प्रभु के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक सदस्य द्वारा एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अनेक जैन मुनि भगवंतों ने वृक्षों की छाया में तप, साधना और ध्यान कर मोक्ष की प्राप्ति की है। इसलिए वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक हैं।
मंडल की सदस्यों ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने प्रभु के नाम पर एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी हरित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
मंडल की सदस्य अंजना गोदावत ने बताया कि इस अवसर पर ज्ञाना मेहता, जागृति कोठारी, चंदन जैन, वंदना गावड़ी, लता, अर्चना, शशि मारू, सुशीला जैन, शर्मिला जैन, प्रेमलता तरवेचा सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्याएँ उपस्थित रहीं।


