
DIG (देहात) रेंज भोपाल एवं एसपी विदिशा रहे मौजूद, जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
नुक्कड़ नाटक, गायन, हस्ताक्षर अभियान और संवाद सत्र के माध्यम से युवाओं को किया जागरूक

विदिशा, 21 जुलाई (शोभित जैन, सद्वार्ता)।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान तथा पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार चलाए जा रहे राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के अंतर्गत सोमवार को विदिशा के वात्सल्य स्कूल में विशाल नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप पुलिस महानिरीक्षक (देहात) रेंज भोपाल राजेश सिंह चंदेल एवं पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक हानियों तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अभियान पर आधारित जागरूकता वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया।
नुक्कड़ नाटक और गायन से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर प्रेरक गीत, नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसके बाद नशा मुक्ति जागरूकता रथ को डीआईजी एवं एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिलेभर में लोगों को जागरूक करेगा।
नशा भविष्य को करता है बर्बाद : एसपी
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिजनों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी : डीआईजी
उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएं तो वे देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के सवालों का दिया समाधान
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। संवादात्मक सत्र ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों के प्रति और अधिक जागरूक किया।
सभी ने ली नशामुक्ति की शपथ
अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली आनंद राज, थाना प्रभारी सिविल लाइन राजपाल सिंह जादौन, थाना प्रभारी यातायात आशीष राय, रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान, वात्सल्य स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती देवना अरोरा, प्राचार्य संजय शर्मा, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती नम्रता अरोरा, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
विदिशा पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है।


