

SDNA | जबलपुर, 25 जुलाई 2026 (सद्वार्ता)

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) भोपाल द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकौशल महाविद्यालय, जबलपुर में “सेवा, सुशासन के 12 वर्ष”, “विकसित भारत” एवं “कारगिल विजय दिवस” विषयों पर आधारित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ए.सी. तिवारी, सीबीसी भोपाल के उपनिदेशक शारिक नूर तथा वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरुण शुक्ल ने किया।
शारिक नूर ने बताया कि प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प तथा कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना के शौर्य, साहस और बलिदान को चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
प्रभारी प्राचार्य ए.सी. तिवारी ने कहा कि इस प्रदर्शनी से विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की उपयोगी जानकारी मिलेगी। वहीं डॉ. अरुण शुक्ल ने कहा कि इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना और कारगिल के वीर शहीदों के प्रति सम्मान का भाव और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नमंच तथा गीत-नाटक दल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का संचालन सीबीसी जबलपुर के प्रभारी एस.के. चौकसे ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


