
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 110 महिलाओं का सम्मान

बालोतरा। (सद्वार्ता)

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर राज्यभर में चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत जिला बालोतरा में महिला वॉलंटियर्स के साथ संवाद कार्यक्रम एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव एवं उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 110 महिला वॉलंटियर्स को सम्मानित किया गया। समारोह में महिला सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका समूह की प्रतिनिधि, विभिन्न गैर सरकारी संगठनों की महिलाएं, विद्यालय प्राचार्या, महिला अधिवक्ता, आशा सहयोगिनी, गृहिणियां एवं महिला छात्रावास वार्डन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने सहभागिता की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा हरफूल सिंह (आरपीएस) ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन अपराध सहायक श्रीमती केशर, अपराध सहायक पुलिस अधीक्षक कार्यालय, श्री बाबूलाल (थानाधिकारी पचपदरा) एवं श्री नैनाराम (प्रभारी यातायात बालोतरा) के समन्वय से किया गया।
महिला सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। महिलाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर सुरक्षा उपाय, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना, महिला बीट अधिकारी योजना, वरिष्ठ जन सम्मान योजना, नवीन न्याय संहिता, महिला अपराधों में दंड प्रावधान एवं वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या अन्य आपराधिक घटनाओं की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध हेल्पलाइन एवं ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करें।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का उद्देश्य
कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. रामेश्वरी चौधरी, प्राचार्या राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामसिन मूंगड़ा द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों एवं कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना तथा पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहभागिता को बढ़ाना है।
जिला बालोतरा पुलिस द्वारा अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


