
नाबार्ड और मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक ने किया आयोजन, समय पर बीमा कराने की अपील

जबलपुर, 21 जुलाई (सद्वार्ता)।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों का बीमा कराने के लिए किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से जबलपुर विकासखंड के ग्राम परसवाड़ा में ‘फसल बीमा पाठशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) एवं मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा किया गया।

पाठशाला में किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के उद्देश्य, लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रीमियम भुगतान तथा फसल क्षति होने पर दावा करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से समय पर फसल बीमा कराने तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक की वरिष्ठ प्रबंधक श्रीमती वर्षिता मोदी, नाबार्ड की सुश्री देविका मेहरोत्रा, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के तहसील प्रतिनिधि रोहन बैरागी, पवन यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर किसानों को बताया गया कि ऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने हेतु आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, खसरा-खतौनी की प्रति तथा बुआई प्रमाण पत्र आवश्यक दस्तावेज हैं।
योजना के तहत धान (सिंचित) के लिए ₹358 प्रति एकड़, धान (असिंचित) ₹252 प्रति एकड़, मक्का ₹248 प्रति एकड़ तथा उड़द ₹231 प्रति एकड़ प्रीमियम निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने किसानों से अंतिम तिथि से पहले बीमा कराकर अपनी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित करने का आग्रह किया।


