

इंदौर, 22 जुलाई (सद्वार्ता)। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ द्वारा सर्टिफिकेट ऑफ रिकग्निशन प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके नेतृत्व में संचालित 51 लाख पौधों के ऑक्सीजन वन अभियान के लिए दिया गया।

यह सम्मान समारोह परम पूज्य अनुष्ठान आराधिका डॉ. कुमुद लताजी म.सा. के पावन सानिध्य एवं दिव्य प्रेरणा में आयोजित हुआ। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अनुपस्थिति में उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र ग्रहण किया।
समारोह में दीपिन जैन, अचल चौधरी, रमेश भंडारी, वीरेंद्र कुमार जैन, प्रकाश भटेवरा और विवेक जैन ने सम्मान-पत्र प्रदान करते हुए बताया कि 51 लाख पौधों का रोपण कर देश के सबसे बड़े शहरी ऑक्सीजन वनों में से एक के निर्माण के लिए कैलाश विजयवर्गीय का नाम स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।
बताया गया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में बीएसएफ बुधानिया परिसर की बंजर और पथरीली भूमि पर 51 लाख पौधों के रोपण का महाअभियान चलाया गया, जो आज एक विशाल हरित क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु, भूजल संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण तथा जलवायु संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर डॉ. कुमुदलताजी म.सा. ने कहा कि 51 लाख पौधों का यह अभियान केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन देने का प्रेरणादायी संकल्प है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए अनुकरणीय हैं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना का संचार करते हैं।
समारोह में देशभर से आए अतिथियों ने कैलाश विजयवर्गीय के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन जिनेश्वर जैन ने किया।


