Friday, July 24

This slideshow requires JavaScript.

संतों की वाणी से जीवन को मिलती है सही दिशा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जबलपुर, 24 जुलाई 2026. (सद्वार्ता)

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संतों की वाणी मनुष्य को श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देती है और संस्कार ही समाज की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व और त्योहार मानव कल्याण का संदेश देते हैं तथा समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री पन्ना स्थित श्री जुगल किशोर मंदिर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुए, जहां उन्होंने श्रीधाम वृंदावन से पधारे संत श्री श्री 108 महंत स्वामी किशोरदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए संतों के सान्निध्य में जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. यादव ने कहा कि पन्ना की पावन भूमि वृंदावन का लघु स्वरूप है, जबकि ओरछा को बुंदेलखंड की अयोध्या माना जाता है। उन्होंने गौसेवा, सभी धर्मों के पर्वों को मिल-जुलकर मनाने, विक्रम संवत के संरक्षण तथा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक स्थलों के समग्र विकास पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सीएम राइज स्कूल अब “सांदीपनि विद्यालय” के नाम से संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही सभी नगरीय निकायों में गीता भवन एवं पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे तथा “वृंदावन ग्राम” की अवधारणा को भी तेजी से मूर्त रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी धर्मों के लिए समान कानून लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है और सर्वधर्म समभाव के माध्यम से विकास का वातावरण तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पन्ना में प्रतिवर्ष तीन दिवसीय कथा उत्सव आयोजित करने तथा संस्कृत विद्यालय खोलने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक अरविंद पटेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जुगल किशोर के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

SDNA | जबलपुर, 24 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए प्रदेश में तेजी से नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।

पन्ना में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में 34 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनकी संख्या अगले दो वर्षों में बढ़कर 52 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002-03 में प्रदेश में केवल पांच मेडिकल कॉलेज और लगभग 500 मेडिकल सीटें थीं, जबकि अब सीटों की संख्या बढ़कर साढ़े पांच हजार से अधिक हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की कुल सीटें बढ़कर 10 हजार तक पहुंच जाएंगी, जिससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पन्ना मेडिकल कॉलेज का निर्माण पीपीपी मॉडल पर तेजी से किया जा रहा है और अगले वर्ष इसका लोकार्पण किया जाएगा। इससे पन्ना जिले के लोगों को विशेष चिकित्सा सुविधाओं के लिए सतना और छतरपुर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत आज मथुरा-वृंदावन रवाना होगी विशेष ट्रेन

SDNA | जबलपुर, 24 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जबलपुर जिले के वरिष्ठ नागरिकों को मथुरा-वृंदावन की यात्रा कराने के लिए विशेष ट्रेन शनिवार 25 जुलाई को दोपहर 2:10 बजे जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।

धर्मस्व शाखा के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना मूल आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा। यात्रियों से निर्धारित समय से पहले रेलवे स्टेशन पहुंचने का आग्रह किया गया है, ताकि यात्रा संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।


खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, डेयरी और छात्रावास से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

SDNA | जबलपुर, 24 जुलाई 2026

कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को करोंदानाला स्थित नर्मदा अमृत फूड प्राइवेट लिमिटेड डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, पनीर, दही और घी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने पर छठवीं बटालियन के छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया, जहां दाल, चावल, मसाले, पकी हुई दाल, कढ़ी सहित आठ खाद्य नमूने परीक्षण के लिए लिए गए।

सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पर्यटन क्विज 2026 के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि आज

SDNA | जबलपुर, 24 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश के इतिहास, संस्कृति, पर्यटन और विरासत से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय पर्यटन क्विज 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीयन शनिवार 25 जुलाई को शाम 5:30 बजे तक किया जा सकेगा।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन, जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी) तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 7 अगस्त को होगी।

जेएटीसीसी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष दुबे ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के प्रति विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक पंजीयन संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हो चुकी है।

प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। प्रत्येक विद्यालय से तीन विद्यार्थियों की टीम बनाई जाएगी।

विजेता तीन टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में दो रात्रि एवं तीन दिन ठहरने का अवसर मिलेगा, जबकि उपविजेता तीन टीमों को एक रात्रि एवं दो दिन के प्रवास का पुरस्कार दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और आकर्षक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply