दिल्ली से काठमांडू तक साइकिल यात्रा कर बनी मिसाल – मेघा जैन बनीं जैन समाज की पहली महिला साइक्लिस्ट

– पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता के लिए कर रही हैं प्रेरणादायक यात्राएं

हैदराबाद, 08 अप्रैल (एसडी न्यूज एजेंसी)।
साइकिल चलाना अधिकांश लोगों के लिए एक शौक होता है, लेकिन जब यही शौक किसी बड़े उद्देश्य से जुड़ जाए, तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। लुधियाना की मेघा जैन ने साइक्लिंग को अपने जुनून में बदलते हुए हाल ही में 22 फरवरी को दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू तक 1045 किलोमीटर की कठिन यात्रा पूरी कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि के साथ मेघा जैन समाज की पहली महिला साइक्लिस्ट बन गई हैं, जिन्होंने यह चुनौतीपूर्ण सफर तय किया है।

मेघा की इस यात्रा का उद्देश्य केवल दूरी तय करना नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, कैंसर के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया। उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब मेघा ने ऐसी प्रेरणादायक साइकिल यात्रा की हो। इससे पूर्व वर्ष 2022 में भी उन्होंने साइकिल के माध्यम से नेपाल की सरजमीं पर कदम रखा था, जहां नेपाल के सांसदों द्वारा उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया था।

मेघा की साइक्लिंग यात्रा की शुरुआत महज दस वर्ष पूर्व डिप्रेशन से उबरने के लिए हुई थी, लेकिन आज यह उनके जीवन का मकसद बन चुकी है। वह अब तक 9 बार लुधियाना सुपर रेंडुनर का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। इसके अलावा वर्ष 2020 में उन्होंने इंडिया गेट (दिल्ली) से मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया तक 1450 किमी की दूरी साइकिल से तय की थी। वर्ष 2023 में वह एक बार पहले भी दिल्ली से काठमांडू की साइकिल यात्रा कर चुकी हैं।

वर्ष 2024 में उन्होंने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से अयोध्या तक 1130 किमी की दूरी तय कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इसके साथ ही वह 42 किमी की दो मड रेस, लुधियाना रेस तथा 300 किमी की साइक्थलॉन यात्रा के माध्यम से कश्मीर तक भी जा चुकी हैं।

मेघा की यह यात्राएं न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती का प्रतीक हैं, बल्कि यह समाज को यह भी बताती हैं कि अगर हौसला मजबूत हो तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। परिवार के सहयोग और अपने संकल्प के बल पर मेघा जैन अब इस सफर को और ऊंचाइयों तक ले जाना चाहती हैं।

— स्वाती जैन, एसडी न्यूज एजेंसी


Discover more from SD NEWS AGENCY

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from SD NEWS AGENCY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading