
झाबुआ, 29 अप्रैल 2025 | एस.डी. न्यूज़ एजेंसी
भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा संविधान दिवस एवं अनुसूचित जाति सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को अंबा पैलेस, झाबुआ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी सांसद श्री गजेन्द्र पटेल रहे। उनके साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय ऊंटवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, पद्मश्री रमेश परमार, जिला संगठन प्रभारी हरिनारायण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, जिला महामंत्री सोमसिंह सोलंकी एवं कार्यक्रम संयोजक कृष्णपाल सिंह गंगाखेड़ी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से की गई। साथ ही जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने सभी अतिथियों का पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया तथा स्वागत भाषण दिया। समारोह में संविधान की प्रस्तावना का वाचन एडवोकेट कुमारी मयूरी राजू धानक (राष्ट्रीय संचालक, कंचन सामाजिक सेवा संस्थान) द्वारा किया गया।
मुख्य वक्ता गजेन्द्र पटेल एवं विजय ऊंटवाल ने डॉ. आंबेडकर के विचारों, संविधान निर्माण में उनके योगदान और समाज में समानता की स्थापना हेतु उनके संघर्ष पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री सोमसिंह सोलंकी ने किया एवं आभार प्रदर्शन अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष जगदीश जाटव ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from SD NEWS AGENCY
Subscribe to get the latest posts sent to your email.