
संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (एस.डी. न्यूज़ एजेंसी)।
संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने बाबा साहब के आदर्शों और विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
खरगे ने कहा,
“बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर ने हमें एक ऐसा संविधान दिया, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। यह संविधान सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए सबसे शक्तिशाली औज़ार है।”
उन्होंने आगे कहा, “देश की एकता और प्रगति के लिए समावेशिता को बाबा साहब ने अपना परम कर्तव्य माना और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा पर बल दिया।”
खरगे ने बाबा साहब की जयंती पर सामाजिक परिवर्तन और न्याय के उनके विचारों के प्रति अटूट निष्ठा की बात कही और कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधानिक मूल्यों की रक्षा तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए सदा प्रतिबद्ध रहेगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने संदेश में कहा,
“संविधान निर्माता, देश के पहले कानून मंत्री और भारत रत्न डॉ. अंबेडकर को उनकी जयंती पर सादर नमन। उनके अथक प्रयासों से हमें जो संविधान मिला, उसने हर भारतीय को सामाजिक न्याय, समानता, बंधुत्व और मानव अधिकारों की गारंटी दी है।”
उन्होंने कहा कि आज संविधान को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं। सत्ता के बल पर इस सुरक्षा कवच को तोड़ा जा रहा है। ऐसे में यह जरूरी है कि हम बाबा साहब के संविधान और उसके मूल्यों की हर हाल में रक्षा करें।
डॉ. अंबेडकर की जयंती पर देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें नेताओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
(रिपोर्ट: एस.डी. न्यूज़ एजेंसी)
Discover more from SD NEWS AGENCY
Subscribe to get the latest posts sent to your email.