
सिडनी (रिजवान) – ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के दौरान हुई गोलीबारी को ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने आतंकी हमला करार दिया है। इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 29 अन्य घायल हैं। घटना के वक्त कार्यक्रम में लगभग 1,000 लोग मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, दो बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई। एक हमलावर को मौके पर मार गिराया गया, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और यह सुनिश्चित नहीं किया जा सका है कि इसमें कोई तीसरा हमलावर शामिल था या नहीं। आसपास के इलाके में मिली संदिग्ध वस्तुओं की जांच विशेषज्ञ अधिकारी कर रहे हैं।
बॉन्डी बीच का महत्व
बॉन्डी बीच, न्यू साउथ वेल्स राज्य के पूर्वी सिडनी में स्थित है और ऑस्ट्रेलिया के सबसे लोकप्रिय बीच में से एक है। हर साल लाखों लोग यहां आते हैं। रविवार को यहूदी समुदाय ने हनुक्का का पहला दिन मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया था।
हनुक्का: रोशनी और समर्पण का त्योहार
हनुक्का यहूदियों का प्रमुख पर्व है, जिसे रोशनी का त्योहार कहा जाता है। यह आठ दिन चलता है और यहूदी इतिहास के सबसे बड़े चमत्कारों में से एक का जश्न मनाता है। इस वर्ष हनुक्का का कार्यक्रम ‘चानुका बाय द सी 2025’ के नाम से आयोजित किया गया था।
ऑस्ट्रेलियाई पीएम का बड़ा वादा
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यहूदियों पर टारगेटेड हमला देश के दिल पर हमला है। उन्होंने जनता से वादा किया कि हिंसा और नफरत को खत्म किया जाएगा और राष्ट्रीय एकता के माध्यम से सभी ऑस्ट्रेलियाई अपने यहूदी धर्म के साथियों के साथ खड़े होंगे। अल्बनीज ने कहा, “आज रात परिवार जिस सदमे से जूझ रहे हैं, वह किसी बुरे सपने से भी परे है। अधिकारियों द्वारा हमले में शामिल सभी लोगों का पता लगाया जा रहा है।”
जांच जारी
न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने बताया कि मृत बंदूकधारी की कार में मिले इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) की जांच की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल हमलावरों के बारे में अधिक जानकारी जारी नहीं की है।